सावन माह में हर सोमवार सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक मिलेगी सुविधा

जगदलपुर। श्रावण मास में भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को देखते हुए जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक पहुंचना अब आसान हो गया है। बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप की पहल पर सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए मोटरबोट सेवा शुरू की गई है। यह सुविधा सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जिससे बड़ी संख्या में शिवभक्त सुरक्षित तरीके से मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजन कर सकेंगे। दलपत सागर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और ऐतिहासिक तालाबों में शामिल है। इसका निर्माण काकतीय वंश के शासक दलपत देव ने कराया था। तालाब के बीच स्थित प्राचीन शिव मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। हालांकि सामान्य दिनों में मंदिर तक पहुंचना आसान नहीं होता। अब तक केवल महाशिवरात्रि के अवसर पर ही मोटरबोट के जरिए श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने की सुविधा मिलती थी।

ये खबर भी पढ़ें…
त्योहारों से पहले ही जाम के जाल में जगदलपुर….सडक़ पर बाजार-व्यापार से बढ़ी परेशानी
त्योहारों से पहले ही जाम के जाल में जगदलपुर….सडक़ पर बाजार-व्यापार से बढ़ी परेशानी
जगदलपुर - त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही जगदलपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की असली परीक्षा शुरू हो गई है।...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

गौ सेवकों की मांग पर हुई पहल

बताया गया कि गौ सेवकों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सावन माह में भी मंदिर तक पहुंचने के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की थी। इस पर सांसद महेश कश्यप ने पहल करते हुए प्रत्येक सोमवार मोटरबोट की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन का लाभ ले सकें। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठान और जलाभिषेक में आसानी होगी।

सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील

सांसद ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मोटरबोट सेवा का लाभ उठाते समय सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करें और प्रशासन के निर्देशों का अनुसरण करें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सकेंगे। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले दलपत सागर के बीच स्थित यह शिव मंदिर वर्षों से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा रहा है। सावन के दौरान शुरू की गई यह विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।