बस्तर के भाटपाल में 82 कैप्सूल….कोतवाली में 285 टेबलेट और बोधघाट में 420 नशीली टेबलेट जब्त

जगदलपुर। नशे की छोटी-सी गोली और कैप्सूल कब युवाओं की जिंदगी को अंधेरे में धकेल देते हैं, इसका अंदाजा बस्तर में बढ़ रही अवैध नशीली दवाओं की तस्करी से लगाया जा सकता है। नशे के सौदागर अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों और कस्बों तक नशीली टेबलेट और कैप्सूल पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बस्तर पुलिस ने ऐसे नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की है। हाल की तीन कार्रवाइयों में पुलिस ने 787 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट-कैप्सूल जब्त किए हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में एक तरफ 48 वर्षीय व्यक्ति ग्राहक का इंतजार करते नशीली कैप्सूल के साथ पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर पंजाब का एक आरोपी नशीली टेबलेट बेचते पकड़ा गया। बोधघाट पुलिस ने तो महज 20 साल के युवक को बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित टेबलेट लेकर परिवहन करते दबोचा। ये मामले संकेत देते हैं कि नशे का कारोबार युवाओं को निशाना बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर अपना नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा है।

ये खबर भी पढ़ें…
त्योहारों से पहले ही जाम के जाल में जगदलपुर….सडक़ पर बाजार-व्यापार से बढ़ी परेशानी
त्योहारों से पहले ही जाम के जाल में जगदलपुर….सडक़ पर बाजार-व्यापार से बढ़ी परेशानी
जगदलपुर - त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही जगदलपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की असली परीक्षा शुरू हो गई है।...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

भाटपाल में ग्राहक का इंतजार…झोले से निकली 82 कैप्सूल

बस्तर थाना पुलिस ने 11 अगस्त को भाटपाल चौक के पास जयराम विश्वकर्मा (48) को पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी की तलाशी में 82 नशीली कैप्सूल, मोबाइल और 100 रुपए नकद मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपी दवाओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुराने पुल के पास मिला पंजाब का आरोपी, 285 टेबलेट बरामद

15 अगस्त को कोतवाली पुलिस ने इंद्रावती पुराने पुल के पास कार्रवाई करते हुए मंगल सिंह (40), निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह बिना नंबर की बाइक से नशीली टेबलेट बेचने के लिए खड़ा था। तलाशी में 5 पत्तों में 285 प्रतिबंधित टेबलेट मिलीं। पुलिस ने बाइक भी जब्त की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी और नशे से जुड़ा मामला भी दर्ज है।

20 साल का युवक ओडिशा से टेबलेट लेकर पहुंचा था

29 अगस्त को बोधघाट पुलिस ने ओडिशा रोड पर मुस्कान पेट्रोल पंप के पास बादल नाग उर्फ टिन्नी (20) को पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह बाइक से नशीली टेबलेट लेकर जगदलपुर आ रहा है। तलाशी में उसके पास से 28 पत्तों में 420 टेबलेट, मोबाइल और बाइक बरामद हुई। जब्त टेबलेट की कीमत करीब 1.68 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने कुल करीब 2.08 लाख रुपए की सामग्री जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

हर थाना क्षेत्र में कार्रवाई….नेटवर्क तोडऩे पर फोकस

बस्तर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई सिर्फ बड़ी खेप पकडऩे तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नशे की बिक्री, परिवहन और सप्लाई करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई का उद्देश्य नशीली दवाओं की पहुंच युवाओं तक रोकना और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क को तोडऩा है।