जगदलपुर। शहर में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच कितना फासला है, इसकी तस्वीर धरमपुरा रोड पर साफ दिखाई दे रही है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी यहां के रहवासियों को राहत नहीं मिली। अधूरी सडक़, जगह-जगह बिखरी निर्माण सामग्री और उड़ती धूल के बीच लोगों को त्योहार मनाने की मजबूरी है। जिस सडक़ का काम अक्टूबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी, वह तय तारीख गुजरने के बाद भी अधूरी पड़ी है। बारिश का मौसम खत्म होने के बावजूद निर्माण कार्य की रफ्तार नहीं बढ़ी। ऐसे में सवाल उठता है कि जब विभाग और ठेकेदार ने दीपावली से पहले काम पूरा करने का भरोसा दिया था, तो आखिर वह वादा कहां खो गया?

अक्टूबर की डेडलाइन बीती….जिम्मेदारों की जवाबदेही गायब

ये खबर भी पढ़ें…
लाला जगदलपुरी साहित्य सम्मान के लिए दुर्गा प्रसाद पारकर चयनित….बस्तर का बढ़ाया मान
लाला जगदलपुरी साहित्य सम्मान के लिए दुर्गा प्रसाद पारकर चयनित….बस्तर का बढ़ाया मान
जगदलपुर। बस्तर की साहित्यिक विरासत और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले साहित्यकार लाला जगदलपुरी के नाम पर दिए जाने...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

धरमपुरा रोड के निर्माण को लेकर पहले विभाग और ठेकेदार की ओर से दावा किया गया था कि दीपावली से पहले सडक़ का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए अक्टूबर की समयसीमा भी निर्धारित की गई थी। लेकिन तारीख बीत गई और सडक़ अब भी अधूरी है। त्योहार नजदीक है, बाजारों में रौनक बढ़ रही है, लेकिन धरमपुरा के रहवासियों को सडक़ की बदहाली से छुटकारा नहीं मिला। यह सिर्फ निर्माण में देरी का मामला नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था पर सवाल है, जहां जनता को समयसीमा बताकर आश्वस्त तो किया जाता है, लेकिन समयसीमा खत्म होने के बाद जवाब मांगने वाला कोई नजर नहीं आता।

सडक़ पर निर्माण सामग्री….लोगों की आवाजाही बनी मुसीबत

सडक़ पर जगह-जगह निर्माण सामग्री फैली हुई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि अधूरे निर्माण के साथ अब तक किए गए घटिया काम ने भी परेशानी बढ़ा दी है। सडक़ निर्माण का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा देना होता है, लेकिन यहां अधूरा और खराब निर्माण लोगों के लिए रोज की मुसीबत बन गया है।

 

धूल के गुबार के बीच कैसे मनेगी दीपावली?

दीपावली पर हर घर की चाहत होती है कि आसपास साफ-सफाई हो, घर रोशन हो और परिवार के साथ त्योहार खुशियों से मने। लेकिन धरमपुरा रोड के रहवासियों के हिस्से में इस बार धूल और परेशानी आई है। वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल घरों और दुकानों तक पहुंच रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि त्योहार के दौरान बढऩे वाली आवाजाही से परेशानी और बढ़ेगी। एक तरफ शहर में स्वच्छता और विकास की बातें होती हैं, दूसरी तरफ एक प्रमुख सडक़ के रहवासी अपने ही घर के सामने उड़ती धूल से जूझने को मजबूर हैं।

ठेकेदार की लापरवाही पर विभाग क्यों मौन?

सबसे बड़ा सवाल निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर है। जब 31 अक्टूबर तक काम पूरा करने की समयसीमा तय थी, तो समय पर निर्माण पूरा नहीं होने पर ठेकेदार से जवाब क्यों नहीं मांगा गया? निर्माण सामग्री सडक़ पर क्यों फैली है? अब तक हुए निर्माण की गुणवत्ता की जांच किसने की? और सबसे अहम, जनता को हो रही परेशानी के लिए जिम्मेदारी कौन लेगा? निर्माण कार्यों की निगरानी करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। केवल ठेकेदार के भरोसे काम छोड़ देना और समयसीमा बीतने के बाद भी जवाबदेही तय नहीं करना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।