बस्तर से संगठन को धार देगी पार्टी, ब्लॉक अध्यक्षों 3 दिवसीय प्रशिक्षण कल से
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को जगदलपुर स्थित राजीव भवन में पत्रवार्ता के दौरान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की कवायद का विरोध करते हुए इसे आदिवासियों के लिए खतरा बताया। बैज ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। बिजली व्यवस्था को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले से बढ़े हुए बिजली के दाम और स्मार्ट मीटर से आम जनता परेशान है। अब सरकार बिजली विभाग को निजी क्षेत्र के हाथों में देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि निजीकरण के बाद बिजली उपभोक्ताओं पर इसका क्या असर पड़ेगा।

15 दिन में तीन बार पेपर लीक का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक का आरोप लगाते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर तीन बार पेपर लीक होने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सरकार से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
नक्सलमुक्त बस्तर में जमीन अधिग्रहण का मुद्दा उठाया
बैज ने आरोप लगाया कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर की जमीन उद्योगपतियों को देने की तैयारी चल रही है। उन्होंने दंतेवाड़ा के कुआकोंडा ब्लॉक में करीब 900 एकड़ जमीन के अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने नक्सलमुक्त गांवों को विकास के लिए एक करोड़ रुपए देने के वादे पर भी सवाल उठाया। बैज ने पूछा कि सरकार बताए कि अब तक कितने गांवों को एक करोड़ रुपए की राशि दी गई है।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह
महंगाई और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस जनता के साथ मिलकर ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी। बैज ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ नमक सत्याग्रह किया था, उसी तरह कांग्रेस अब बढ़ती महंगाई और चीनी के दामों के खिलाफ जनता के साथ खड़ी होकर सत्याग्रह करेगी।
बस्तर से संगठन को मजबूत करने की शुरुआत
पत्रवार्ता के दौरान दीपक बैज ने कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की शुरुआत बस्तर संभाग से की जाएगी। जगदलपुर में तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों को कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी देंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों एवं कथित विफलताओं को मजबूती से जनता के बीच उठाने के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैज ने बताया कि बस्तर के बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी इसी तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा चुका है। अब ब्लॉक स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।






