ललितपुर सडक़ हादसे के बाद झांसी के डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी
जगदलपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सडक़ हादसे में घायल हुए छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए, लेकिन उनकी चोट को देखते हुए उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र में रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और परिजनों ने उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। खबर लिखे जाने तक झांसी में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण एयर एंबुलेंस उड़ान नहीं भर सकी। मौसम साफ होते ही सुबह उन्हें एयर एंबुलेंस से मेदांता शिफ्ट किया जाएगा।

तेज बारिश के बीच हुआ हादसा
हादसे के समय किरण देव की गाड़ी में पीएसओ सहित सुरक्षा कर्मी और अन्य लोग सवार थे, जबकि उनका परिवार पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में था। सबसे आगे एक फॉलो वाहन चल रही थी। घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। आगे चल रही फॉलो वाहन ने अपने सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक किया। इसके बाद किरण देव की गाड़ी के चालक ने भी ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन उसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे किरण देव की गाड़ी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार के एयरबैग समय पर खुल जाने से आगे बैठे लोगों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
मेदांता से भी इसी तरह बस्तर डायरी देता रहेगा हेल्थ अपडेट
फिलहाल किरण देव झांसी में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उनकी सेहत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं और मौसम अनुकूल होते ही उन्हें विशेष एयर एंबुलेंस से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आगे का उपचार करेगी। बस्तर डायरी की टीम जगदलपुर विधायक किरण देव की सेहत को लेकर लगातार आप तक अपडेट पहुंचाती रहेगी। उनके हादसे की खबर के बाद से जगदलपुर से लेकर समूचे छत्तीसगढ़ में चिंता की स्थिति बनी हुई है।
Read More:
- वीडियो–भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे
- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की मंगलकामना
- जहर से मर जाए शहरी क्या तब जागेंगे जिम्मेदार? शहीद पार्क की बस तस्वीर और वीडियो देख लीजिए…






