1. जगदलपुर। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के नेता शुक्रवार को शहर के एसबीआई चौक पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ ही नीट पेपर लीक जांच और एनटीए को बैन करने की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने दो दिवसीय भूख हड़ताल की शुरुआत की। युकां नेता अंकित सिंह और प्रदेश के सबसे युवा पार्षद लोकेश चौधरी यहां भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। उनका साथ एनएसयूआई और युकां के नेता दे रहे हैं। लोकेश चौधरी ने इस दौरान कहा कि जिस तरह से दिल्ली में शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे छात्रों पर बर्बरता की गई वह गलत है। छात्रों के साथ ही लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व विपक्ष के नेताओं को जबरन हिरासत में लिया गया। मोदी सरकार तत्काल धमेंद्र प्रधान को पद से हटाए। लोकेश ने कहा कि वे दो दिनों तक चौक पर बैठकर इसी तरह से भूख हड़ताल करेंगे। सभी छात्र और नेतागण जमीन पर बैठकर हड़ताल कर रहे हैं। लोकेश ने कहा कि मांगों को लेकर शुरू हुई उनकी यह अहिंसक लड़ाई खुले आसमान में भी जारी रहेगी। युकां नेता अंकित सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान जैसे भ्रष्ट शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना ही होगा। पूरे देश के छात्र यही चाहते हैं। अंकित ने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ही लाखों छात्रों के साथ हुई बर्बरता के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। मोदी सरकार को अब यह मान लेना चाहिए कि नीट पेपर लीक के बाद मारे गए छात्रों की मौत की जिम्मेदार वह है। उसे प्रायश्चित करते हुए धर्मेद्र प्रधान का इस्तीफा लेना चाहिए।