

निशुल्क कोचिंग के नए सत्र की शुरुआत पर कलेक्टर बोले- एक लक्ष्य तय करें, आत्मविश्वास बनाए रखें
– एसपी शलभ सिन्हा ने भी दिए सक्सेस मंत्र
जगदलपुर। बस्तर के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को सरकारी सेवाओं तक पहुंचाने वाली प्रतिष्ठित निशुल्क कोचिंग संस्था ज्ञानगुड़ी में नए शैक्षणिक सत्र का आगाज प्रेरणादायी माहौल में हुआ। शनिवार से एसएससी, व्यापमं और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कक्षाएं शुरू हो गईं। उद्घाटन अवसर पर पहुंचे कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर सफलता के ऐसे व्यावहारिक मंत्र साझा किए, जिन्होंने युवाओं में नया जोश भर दिया। ज्ञानगुड़ी पिछले कुछ वर्षों में कई युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाकर सरकारी सेवाओं तक पहुंचा चुकी है। ऐसे में नए बैच की शुरुआत को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कलेक्टर आकाश छिकारा ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे एक समय में केवल एक सीट को अपना लक्ष्य बनाएं और उसी के अनुरूप पूरे सिलेबस की समयबद्ध तैयारी करें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान भ्रमित होने के बजाय अपने नोट्स स्वयं तैयार करें और नियमित रिवीजन को आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि महीनों की मेहनत का परिणाम आखिरकार एक ओएमआर शीट पर तय होता है, इसलिए हर दिन का अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी परीक्षा में असफलता को अपनी क्षमता का पैमाना न मानें। यदि एक अवसर हाथ से निकल जाए तो निराश होने के बजाय नए अवसरों की तलाश करें। देश और समाज की सेवा केवल प्रशासनिक अधिकारी बनकर ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करके भी की जा सकती है।
एसपी ने अपने अनुभव से बोला- आत्मविश्वास नहीं तो मेहनत भी अधूरी रह जाएगी
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास का महत्व समझाते हुए अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार पर्याप्त तैयारी होने के बावजूद केवल आत्मविश्वास की कमी के कारण वे परीक्षा में चूक गए थे और उन्हें एक वर्ष पीछे होना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल पढ़ाई से नहीं, बल्कि परीक्षा कक्ष में स्वयं पर विश्वास बनाए रखने से मिलती है।
गरीब और ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए उम्मीद की नई किरण
ज्ञानगुड़ी का यह नया सत्र बस्तर के उन युवाओं के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आया है, जो आर्थिक सीमाओं के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को तैयारी के दौरान किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन के लिए बेझिझक संपर्क करने का आश्वासन भी दिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में प्रतियोगी प
परीक्षाओं को लेकर नया आत्मविश्वास और सफलता हासिल करने का दृढ़ संकल्प साफ नजर आया।
कलेक्टर-एसपी समय-समय पर करते रहते हैं युवाओं का मार्गदर्शन
- ज्ञानगुड़ी के प्रभारी एलेक्जेंडर चेरियन बताते हैं कि इस संस्था की खास बात यह है यहां कलेक्टर-एसपी समय-समय पर आकर युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं। इससे युवाओं के आत्मविश्वास में इजाफा होता है। कलेक्टर-एसपी खुद कठिन तैयारी से होकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं इसलिए वे ज्यादा बेहतर तरीके से युवाओं को चुनौतियों के बारे में समझा पाते हैं।
Read More:
- जगदलपुर की जनता का भरोसा बने किरण देव… हर फरियाद को उनके कार्यालय से मिल रहा समाधान
- जगदलपुर के एसबीआई चौक पर छात्र नेताओं की भूख हड़ताल शुरू….धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ और एनटीए पर बैन की कर रहे मांग
- केंद्रीय जेल जगदलपुर में आरोपी और पीड़िता ने लिए सात फेरे , अनोखी शादी के गवाह बने पुलिस कर्मी एवं वकील






